
एक्सपायरी दवा देकर मासूम की जान से खिलवाड़! डॉक्टर की लापरवाही से मचा हड़कंप
जशपुर | सुरंगपानी
स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही एक बार फिर सामने आई है, जहां एक 11 महीने के दुधमुंहे बच्चे को इलाज के नाम पर एक्सपायरी दवा थमा दी गई। मामला ग्राम पंचायत सुरंगपानी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का है, जहां पदस्थ डॉ. सील पर गंभीर आरोप लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, रामचरण सिदार अपने मासूम बच्चे को उल्टी की शिकायत पर इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इलाज के दौरान डॉक्टर ने Ondansetron Oral Solution IP 2mg/5ml दवा दी। लेकिन जब परिजन घर पहुंचे और दवा को ध्यान से देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई—दवा की एक्सपायरी डेट अगस्त 2025 निकल चुकी थी!
बाप ने पकड़ी डॉक्टर की गलती, खुली पोल
बच्चे के पिता रामचरण सिदार ने तुरंत इस गंभीर लापरवाही की जानकारी गांव के सरपंच और संबंधित डॉक्टर को दी। मामला उजागर होते ही डॉक्टर ने दवा वापस लेने की बात कहकर खुद को बचाने की कोशिश की।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सपायरी दवाएं कैसे पहुंच रही हैं? और क्या बिना जांच के मरीजों को ऐसे ही दवाएं थमाई जा रही हैं?
मासूमों की जिंदगी से खिलवाड़ कब तक
यह घटना न केवल लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र की पोल खोलती है। यदि समय रहते परिजन दवा न देखते, तो इसका गंभीर परिणाम हो सकता था।
ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग तेज
घटना के बाद गांव में भारी नाराजगी है और ग्रामीणों ने संबंधित डॉक्टर पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या कदम उठाता है या फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
सवाल सीधा है—क्या गरीब और ग्रामीणों की जान इतनी सस्ती है?
