


बिना हेलमेट सफर करने वालों को दी समझाइश, सुरक्षित यात्रा का दिया संदेश
पथलगांव, जशपुर। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को रोकने के उद्देश्य से पथलगांव पुलिस द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने मुख्य मार्गों पर लोगों को रोककर हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चालकों को बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। बिना हेलमेट वाहन चलाने से दुर्घटना की स्थिति में सिर में गंभीर चोट लगने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
अभियान के दौरान लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने की सलाह भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। नियमों का पालन कर न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है।
सड़क पर उतरी पुलिस, सुरक्षा का दिया संदेश
पथलगांव पुलिस के इस जनजागरूकता अभियान की लोगों ने सराहना की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।
“सुरक्षित सफर की पहली शर्त – हेलमेट पहनें हर वक्त!”
