नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ राजसी सम्मान, किताबों और गणेश प्रतिमा के साथ मिली शिक्षा की सौगात

लैलूंगा। विकासखंड लैलूंगा के संकुल भकुर्रा अंतर्गत माध्यमिक शाला केराबहार में मंगलवार को शाला प्रवेश उत्सव पूरे उत्साह, उल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। विद्यालय में नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ऐसा माहौल बनाया गया कि बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे गांव में शिक्षा का उत्सव देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप सरपंच धनीराम प्रधान रहे। वहीं शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष केसबो पैंकरा, पालक वेणुधर गुप्ता, जय कुमार प्रधान सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रार्थना सभा के दौरान कक्षा छठवीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक-चंदन, पुष्पमाला एवं पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। अतिथियों एवं शाला परिवार ने बच्चों को विद्यालय में प्रवेश दिलाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मिली मुफ्त किताबें, गणेश प्रतिमा के साथ दिया सफलता का आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के करकमलों से विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें एवं गणेश प्रतिमा भेंट की गई। बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित अध्ययन और अनुशासन का संदेश दिया गया।
पूरा विद्यालय बना उत्सव स्थल, बच्चों में दिखा गजब का उत्साह
शाला परिसर पूरे समय उत्साह और आनंद से सराबोर रहा। नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत से अभिभावकों में भी खुशी का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित ग्रामीणों को मिष्ठान वितरण किया गया।
विद्यालय के प्रधान पाठक भानुलाल नायक, शिक्षक प्रमोद कुमार पैंकरा, कान्हूराम गुप्ता एवं समस्त शाला परिवार की सक्रिय भूमिका से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
“शिक्षा का महापर्व: केराबहार स्कूल में बच्चों का हुआ ऐतिहासिक स्वागत, उत्सव में उमड़ा गांव!”
