बारिश के बाद सड़क की बदहाल हालत से ग्रामीण परेशान, रोजाना आवाजाही करने वाले लोग झेल रहे भारी दिक्कत

लुड़ेग। लगातार हो रही बारिश के बाद लुड़ेग से जशपुर जाने वाला मुख्य मार्ग कई स्थानों पर कीचड़ में तब्दील हो गया है। सड़क पर कीचड़ और फिसलन इतनी बढ़ गई है कि पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालक गिरने के डर से धीरे-धीरे सफर करने को मजबूर हैं, जबकि चारपहिया वाहनों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र, कर्मचारी और व्यापारी आवाजाही करते हैं, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के कारण हर दिन परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई जगहों पर सड़क दलदल जैसी हो गई है, जिससे वाहन फंसने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए तथा कीचड़ वाले हिस्सों में मुरूम या अन्य आवश्यक सामग्री डालकर आवागमन सुचारु बनाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा है कि आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण मार्ग की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए
