भवन बनकर तैयार, लेकिन इलाज के लिए डॉक्टर नहीं!



बनहर उप स्वास्थ्य केंद्र में कब मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा?
@दिनेश जायसवाल/सारंगढ़। बनहर ग्राम पंचायत खरवानी छोटे के आश्रित ग्राम बनहर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुविधा के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन करीब दो वर्ष पूर्व बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आज भी यहां नियमित रूप से डॉक्टर एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपलब्ध नहीं है।
जब स्वास्थ्य केंद्र का भवन तैयार है, तो फिर यहां डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी की पदस्थापना क्यों नहीं की जा रही है? हजारों की आबादी वाले क्षेत्र के ग्रामीणों को सामान्य बीमारी, उपचार, जांच एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा के लिए दूर-दराज जाना पड़ता है। ऐसे में सवाल उठता है कि बिना चिकित्सक और स्टाफ के इस स्वास्थ्य केंद्र का लाभ क्षेत्र की जनता को कैसे मिलेगा?
जनता के दर्द को लेकर जिला पंचायत सभापति ने उठाई आवाज
क्षेत्र की जनता की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को देखते हुए जिला पंचायत सभापति हरिहर जायसवाल ने शासन-प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का ध्यान इस गंभीर विषय की ओर आकर्षित किया है।
उन्होंने कलेक्टर महोदया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) तथा स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों, मांग की है कि:
🔹 बनहर उप स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र चिकित्सकीय सुविधा प्रारंभ की जाए।
🔹 आवश्यकतानुसार MBBS डॉक्टर की पदस्थापना की जाए।
🔹 स्टाफ नर्स/ANM एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की जाए।
🔹 केंद्र में नियमित ओपीडी, प्राथमिक उपचार, जांच एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
🔹 भवन को केवल बंद पड़े भवन के रूप में नहीं, बल्कि जनता के इलाज का सक्रिय स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाए।
“भवन जनता के लिए बना है, तो सुविधा भी जनता को मिलनी चाहिए।”
हरिहर जायसवाल का कहना है कि स्वास्थ्य और शिक्षा जनता की मूलभूत जरूरत हैं। क्षेत्र की जनता बीमारी के समय इलाज के लिए भटकती रहे और दूसरी ओर करोड़ों की लागत से बने स्वास्थ्य केंद्र का भवन खाली पड़ा रहे—यह स्थिति चिंता का विषय है। शासन-प्रशासन से मांग है कि बनहर उप स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कराकर क्षेत्रवासियों को राहत दी जाए।
📍 *स्थान: ग्राम बनहर, ग्राम पंचायत खरवानी छोटे, सारंगढ़ क्षेत्र
