सही समय पर टीकाकरण से बेटियों को भविष्य के कैंसर से मिलेगी सुरक्षा
14-15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क टीकाकरण अभियान जारी
जिला अस्पताल में प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक लगाया जा रहा टीका
रायगढ़, 27 मार्च 2026/ जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से किरोड़ीमल शासकीय जिला अस्पताल में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए निःशुल्क एचपीवी (एचपीवी) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। यह टीकाकरण प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, जिससे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बालिकाओं का पंजीयन कराकर इस जीवनरक्षक टीके का लाभ अवश्य दिलाएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने जानकारी दी कि जिले में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि पालकगण अपनी बालिकाओं का आधार कार्ड लेकर निकटतम केंद्र में पंजीयन कराएं और टीकाकरण सुनिश्चित करें।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.पी.पटेल ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन एक सुरक्षित और प्रभावी टीका है, जो न केवल सर्वाइकल कैंसर बल्कि जननांग मस्सों से भी सुरक्षा प्रदान करता है। यह टीका गर्भाशय ग्रीवा सर्वाइकल कैंसर के लगभग 70 प्रतिशत, गुदा कैंसर के 80 प्रतिशत तथा योनि कैंसर के 60 प्रतिशत मामलों की रोकथाम में सहायक है। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस योजना का लाभ उठा सकें।
