लैलूंगा (रायगढ़)
रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला छातासराई से एक अत्यंत गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक कुष्टो राम भोय पर शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने का आरोप लगा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था की साख पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षक के इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से विद्यालय का शैक्षणिक माहौल बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और नियमित रूप से कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों, पालकों एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों का आरोप है कि संबंधित शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं। कई बार समझाइश देने के बावजूद उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
स्थिति से क्षुब्ध ग्रामीणों एवं शाला प्रबंधन समिति ने संकुल समन्वयक को लिखित पंचनामा सौंपते हुए संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पंचनामा में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिक्षक कई बार बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं तथा नशे की स्थिति में विद्यालय में पाए गए हैं।
अब सवाल यह उठता है कि इस गंभीर मामले के मीडिया में आने के बाद क्या संबंधित विभाग के अधिकारी इस पर संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करेंगे या फिर इसे अनदेखा कर दिया जाएगा।
ग्रामीणों की मांग:
दोषी शिक्षक के विरुद्ध तत्काल जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यालय में शिक्षा का स्तर सुधरे और बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।




